इंदौर:नगर निगम ने आज लोहा मंडी में एक ट्रांसपोर्ट पर छापा मारकर 35 कट्टे अमानक स्तर की प्लास्टिक थैलियां जब्त की. निगम स्वास्थ विभाग की टीम ने मौके पर ही 75 हजार का जुर्माना भी वसूल किया.आज नगर निगम स्वास्थ्य विभाग ने लोहामंडी में प्रवीण लॉजिस्टिक प्रायवेट लिमिटेड ट्रांसपोर्ट पर कारवाई करते हुए प्रतिबंधित सिंगल उसे प्लास्टिक थैलियों के 35 कट्टे जब्त किए. उक्त कट्टों में अमानक स्तर की प्लास्टिक थैलियां भरी हुई थी, जो किसी अन्य शहर भेजी जा रही थी.
स्वास्थ्य अधिकारी राजेश जायसवाल ने बताया कि प्रवीण लॉजिस्टिक प्रायवेट लिमिटेड ट्रांसपोर्ट लोहामंडी पर प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के परिवहन एवं भंडारण करने के खिलाफ 75 हजार रुपए का स्पॉट फाइन किया गया. सभी 35 कट्टे जब्त कर लिए गए. कार्रवाई के दौरान सहायक सीएसआई शोभरन खरे, दरोगा अंजू रील सहित निगम स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद थे.
