इंदौर: यशवंतनगर में नाली विवाद के चलते एक व्यक्ति पर तलवार और डंडों से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे चारों आरोपियों को मानपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार, डंडे और कार भी जब्त कर ली गई है. सभी आरोपियों पर एक-एक हजार रुपए का इनाम घोषित था.
घटना रविवार 14 जून की हैं, यशवंतनगर निवासी संजय पटेल पर पंजाबी ढाबे के पास एबी रोड पर नाली विवाद को लेकर मिथुन ठाकुर, भूपेंद्र उर्फ धनसिंह ठाकुर, जयंत उर्फ गणेश ठाकुर और वीरेंद्र उर्फ वीरेन उर्फ भीमा ने तलवार, डंडों तथा कार से हमला कर दिया था. घटना में संजय गंभीर रूप से घायल हो गया था. मामले में प्राणघातक हमले का प्रकरण दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी.
लगातार फरारी के बाद मंगलवार 30 जून और बुधवार 1 जुलाई की दरमियानी रात मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी महेन्द्र मकाश्रे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कैलौद फाटा-बड़गोंदा खरगोन रोड पर घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों से घटना में उपयोग तलवार, डंडे और कार एमपी 09 बीजी 9827 बरामद की गई. सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया. मामले में थाना प्रभारी ने बताया कि नाली विवाद में हुए जानलेवा हमले के मामले में चारों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
