छतरपुर में मछली पालन के लिए आवेदन शुरू, PM मत्स्य सम्पदा योजना में मिल रहा 60% तक अनुदान

प्रियंका सिंह छतरपुर। जिले में मछली पालन करने वालों के लिए एक बड़ा मौका आया है। प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के अंतर्गत जिले में फिर से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अगर आप मछली पालन शुरू कर लाखों रुपये की कमाई करना चाहते हैं, तो 1 दिसंबर से पहले आवेदन करना जरूरी है। निर्धारित तारीख के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

जिला मत्स्योद्योग कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, इस योजना का लाभ वही लोग उठा सकेंगे जिनके पास तालाब निर्माण के लिए स्वयं की भूमि उपलब्ध हो। इसके लिए न्यूनतम 0.5 हेक्टेयर से अधिकतम 2 हेक्टेयर तक भूमि होना आवश्यक है। साथ ही जमीन से जुड़े दस्तावेज—खसरा, नक्शा, खतौनी—सही और अपडेटेड होने चाहिए। आवेदनकर्ता को मछली पालन के लिए पर्याप्त पानी की सुविधा के साथ स्थल तक पहुंच मार्ग भी सुनिश्चित करना होगा।

योजना की मुख्य विशेषता यह है कि 11 लाख रुपये की इकाई लागत पर अनुदान दिया जाता है।

सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग हेतु 40% अनुदान

एससी, एसटी एवं महिला वर्ग के लिए 60% अनुदान का प्रावधान है।

यह अनुदान वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए स्वीकृत है, जबकि आवेदन वित्तीय वर्ष 2023-24 की अनुमोदित कार्य योजना के अनुसार लिए जा रहे हैं। आवेदक को अपनी ओर से शेष राशि का अंशदान स्वयं वहन करना होगा या फिर बैंक ऋण की सुविधा लेनी होगी।

जमीन के कागज़ों से लेकर आधार तक सभी दस्तावेज जरूरी–

आवेदन जमा करने के लिए जरूरी दस्तावेजों में आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति, स्थल की दो फोटो, आवेदक की पासपोर्ट साइज फोटो और अनुबंध पत्र शामिल हैं। सभी दस्तावेजों के साथ आवेदन पत्र जिला मत्स्योद्योग कार्यालय छतरपुर में जमा किया जाना है।

छतरपुर में तेजी से बढ़ रहा है मछली पालन का व्यवसाय–

छतरपुर जिले में बीते कुछ वर्षों में मछली पालन का व्यवसाय तेजी से बढ़ा है। किसान परंपरागत खेती के साथ अतिरिक्त आय के रूप में मछली पालन की ओर आकर्षित हो रहे हैं। कम लागत, अच्छा बाजार और सरकारी अनुदान इस व्यवसाय को और भी लाभकारी बना रहे हैं।

अगर आप भी मछली पालन शुरू करने की सोच रहे हैं तो यह आपके लिए सुनहरा अवसर है। 1 दिसंबर अंतिम तारीख है—समय रहते आवेदन करके योजना का लाभ उठाएँ और अपनी आय में बढ़ोतरी करें।

Next Post

ट्रेड फेयर में टपन एग्रो कम्पनी के उत्पादों ने दर्शको को लुभाया

Sat Nov 29 , 2025
नई दिल्ली।भारतीय अन्र्तराष्ट्रीय व्यापार मेला प्रगति मैदान के हॉल नं0 12ए स्टाल नं0 12 पर टपन एग्रो इंडस्ट्रिज प्रा०लि० आगरा का स्टॉल आप गृहणियों व जनता का आर्कषर्ण व जिज्ञासा का केन्द्र बना हुआ है । कम्पनी के जी०एस०सेल्स मनोज शर्मा ने बताया कि हमारी कम्पनी का कुकिंग मीडियम दीप […]

You May Like