9 स्वर्ण, 6 रजत और 5 कांस्य सहित 20 पदक जीतकर नीमच बना ओवरऑल चैंपियन

नीमच। नगर के प्रमुख तरण पुष्कर स्विमिंग पूल में आयोजित 30वीं मध्यप्रदेश स्टेट ट्रायथलान एवं एक्वाथलान चैंपियनशिप-2026 का सोमवार को भव्य समापन हुआ। तीन दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ में प्रदेशभर से आए खिलाडिय़ों ने तैराकी, साइकिलिंग और दौड़ की चुनौतीपूर्ण स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मेजबान नीमच ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 9 स्वर्ण, 6 रजत और 5 कांस्य सहित कुल 20 पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। भोपाल उपविजेता रहा, जबकि नर्मदापुरम ने प्रथम रनरअप का स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के अंतिम दिन भी विभिन्न वर्गों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। खिलाडिय़ों के अनुशासन, समर्पण और खेल भावना ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। यदि युवा खेलों से जुड़ेंगे तो प्रदेश और देश नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि खेल भावना राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करती है। खिलाड़ी की सफलता उसके कोच, परिवार और पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार खिलाडिय़ों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है और खिलाडिय़ों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी पहल की जा रही है।

पूर्व मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने कहा कि जावद क्षेत्र के खिलाड़ी तैराकी जैसे खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच रहे हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने खिलाडिय़ों से अनुशासन बनाए रखते हुए खेलों में आगे बढऩे और मध्यप्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा निखारने और कमियों को दूर करने का अवसर देती हैं। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाती गौरव चोपड़ा ने खेलों को जीवन का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि नियमित खेल व्यक्ति को सफलता के शिखर तक पहुंचा सकते हैं। जिला सचिव नितेश शर्मा ने आयोजन की सफलता में शासन-प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग एवं यातायात पुलिस के सहयोग की सराहना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। अतिथियों का स्वागत मेंटल प्रभु मूलचंदानी एवं राकेश कोठारी ने किया। इस अवसर पर तकनीकी अधिकारियों, कोचों एवं खेल पदाधिकारियों का सम्मान किया गया तथा विजेता खिलाडिय़ों को पदक, ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। समारोह में मध्यप्रदेश ट्रायथलान एवं ओलंपिक एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य ओ.पी. अवस्थी, मध्यप्रदेश ट्रायथलान एसोसिएशन के सचिव उमाशंकर व्यास, फेडरेशन के संयुक्त सचिव जे.पी. सक्सेना सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

ये खिलाड़ी रहे विजेता,

एक्वाथलान जूनियर बालक वर्ग में आयुष शर्मा नीमच प्रथम आरव शर्मा नीमच द्वितीय तथा पृथ्वीराज सिंह हरोड़ रतलाम तृतीय रहे ,जूनियर बालिका वर्ग में कनक श्रीधरवाल नीमच ने पहला स्थान प्राप्त किया जबकि अन्वी खंडूरी भोपाल द्वितीय और आस्था गोसाई इंदौर तृतीय रही।, 26 जुलाई को आयोजित ट्रायथलान पुरुष वर्ग में अमन प्रजापति भोपाल प्रथम ,सरगम बाथरे नर्मदापुरम द्वितीय तथा जतिन अहिरवार विदिशा तृतीय रहे। जूनियर बालक वर्ग में आरव शर्मा नीमच प्रथम, आयुष शर्मा नीमच द्वितीय तथा राजवीर तिवारी रीवा तृतीय स्थान पर रहे। जूनियर बालिका वर्ग में कनकश्री धारवाल नीमच प्रथम ,तनिष्क सिंह भोपाल द्वितीय तथा अन्वी खंडूरी भोपाल तृतीय रही।

Next Post

धार के तीन खिलाड़ी जूनियर पिकलबॉल टीम में चयनित

Mon Jul 27 , 2026
धार । जिले के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि राइजिंग टेनिस एंड पिकलबॉल एकेडमी, धार के तीन होनहार खिलाड़ी पार्थ विजयवर्गीय, सहज अग्रवाल एवं जय अग्रवाल का चयन भारतीय जूनियर पिकलबॉल टीम में हुआ है। तीनों खिलाड़ी 28 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक बैंकॉक (थाईलैंड) में आयोजित […]

You May Like