
इंदौर. नशा मुक्ति अभियान के तहत आबकारी विभाग ने सोमवार को महू क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए 11 स्थानों पर दबिश दी. कार्रवाई के दौरान 235 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त की गई, जबकि 5400 किलो महुआ लहान का सैंपल लेकर मौके पर ही नष्ट कर दिया. इस दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 8 प्रकरण दर्ज किए. जब्त मदिरा, महुआ लहान और अन्य सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत करीब 5.87 लाख रुपए बताई है. आबकारी विभाग की टीम ने भौंडिया तालाब, बंजारी, भाटखेड़ी सहित अन्य स्थानों पर एक साथ छापेमारी की. कार्रवाई नियंत्रण कक्ष प्रभारी देवेश चतुर्वेदी और उप प्रभारी मनोज अग्रवाल के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी धर्मेंद्र जोशी, जहांगीर खान और पवन टिकेकर के नेतृत्व में की गई.
आज सुबह सुबह 11 स्थानों की कार्रवाई…
महू क्षेत्र में 11 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 8 प्रकरण दर्ज किए हैं. अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
सहायक आयुक्त आबकारी, अभिषेक तिवारी
