ग्वालियर: डबरा नगर के बल्ला का डेरा क्षेत्र में गाड़ी निकालने को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हो गया। विवाद ने थाने पहुंचकर सांप्रदायिक रूप ले लिया। ग्वालियर से वरिष्ठ पुलिस अधिकारी डबरा पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को शांत कराया। इस दौरान डबरा सिटी थाने में जमकर हंगामा हुआ। विवाद बढ़ने पर इंसाफ खान ने अपने साथियों को बुलाकर गोलू के घर पर हमला कर दिया। हमले में गोलू और उसके साथी गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं इंसाफ और उसके साथियों को भी चोटें आईं। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को थाने ले आया।
थाने पहुंचने पर इंसाफ और उसके साथियों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया, लेकिन वे ग्वालियर न जाकर वापस थाने आ गए और मुख्य द्वार पर लेटकर हंगामा करने लगे। इस दौरान मुस्लिम समाज के लोग एकत्रित होकर पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करने का दबाव बनाने लगे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी संजय शर्मा ने पुलिस कप्तान धर्मवीर सिंह यादव को पूरे मामले से अवगत कराया। इसके बाद ग्वालियर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुमन गुर्जर, जयराज कुबेर, एसडीओपी भितरवार जितेंद्र नगाइच, महाराजपुरा सीएसपी नागेंद्र सिकरवार, महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल सहित आधा दर्जन थाना प्रभारियों और पुलिस बल को डबरा भेजा गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर की समझाइश पर दोनों पक्ष मान गए और अपराध दर्ज कराया गया।
