
आलीराजपुर। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए एडवाइजरी जारी कर आमजन को जागरूक किया जा रहा है। मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि बढ़ती गर्मी और लू से बचाव के लिए आपात स्थिति में मरीजों को समय पर इलाज मिल सके इसके लिए जिला अस्पताल के प्रत्येक वार्ड में 2 बेड आरक्षित किए गए । लू/तापघात के मरीजों की चिकित्सा के लिए एचआरआई क्लीनिक बनाया गया है जिसमें एमडी डॉक्टर द्वारा मरीजों को इलाज दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में लू से बचाव के लिए उपयोग में आने वाली दवाइयों के लिए ओआरटी कॉर्नर बनाया गया है जिसमें पर्याप्त दवाईयां उपलब्ध है।
गर्मी से बचाव के उपाय
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि तेज धूप में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप में जाने से परहेज करें। अधिक मात्रा में पानी, नींबू पानी, छाछ, लस्सी और ओआरएस का सेवन करें। हल्के रंग के ढीले व सूती कपड़े पहनें तथा बाहर निकलते समय सिर को टोपी, गमछा या कपड़े से ढककर रखें। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
लक्षण दिखाई देने पर तुरंत करें यह कार्य
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यदि किसी व्यक्ति को अत्यधिक पसीना आना, तेज बुखार, चक्कर आना, बेहोशी या उल्टी जैसी समस्या हो तो उसे तुरंत छायादार और ठंडी जगह पर ले जाएं। उसे पानी या ओआरएस दें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में तुरंत उपचार कराएं।
