छतरपुर। नगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सागर रोड पर स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के पुत्र कमल अग्रवाल के मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। घटना की जानकारी सुबह लगी, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पीड़ित परिवार के अनुसार, अज्ञात चोर घर में घुसकर सोने-चांदी के लाखों रुपए के जेवरात चोरी कर ले गए। घर में मौजूद उनकी पत्नी ने बताया कि उन्होंने चोरों को देखा और तुरंत शोर मचाया, लेकिन आरोपी तेजी से मौके से फरार हो गए। घटना के समय घर में अन्य सदस्य मौजूद नहीं थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संदिग्धों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
