
शुजालपुर। शहर के उपाध्याय मार्ग स्थित टेम्पो चौराहे के पास एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में रविवार सुबह आग लगने से हडक़ंप मच गया. आगजनी की इस घटना में दुकान में रखा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे व्यापारी को लाखों रुपए का नुकसान हुआ.
जानकारी अनुसार उपाध्याय मार्ग पर स्थित कृषि उपकरण व इलेक्ट्रानिक्स की दुकान रवि इंटरप्राइजेस से रविवार की सुबह धुआं निकलता देखा, उस समय दुकान की शटर लगी हुई थी और अंदर से धुआं निकलता हुआ देख आसपास के रहवासियों को आशंका हुई, पडोस में रहने वाले व्यक्ति ने इसकी जानकारी दुकान संचालक दर्शन शाह को दी, जिस पर दुकानदार मौके पर पहुंचे तो दुकान के अंदर आग लगी हुई थी और धुआं निकल रहा था. स्थानीय लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और फ ायर ब्रिगेड को सूचना दी. मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आगजनी में दुकान में रखा इलेक्ट्रॉनिक्स सामान एवं जरूरी दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए. इस दुकान में काफी मात्रा में प्लास्टिक का सामान भी था, समय पर आगजनी पर काबू पाने से आसपास आग फैलने से बच गई, प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. घटना में करीब 7 से 8 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है. पुलिस ने दुकान संचालक की सूचना पर मामला दर्ज किया.
