
शाजापुर। पोलायकलां सुंदरसी रोड पर इंडियन पेट्रोल पंप के मैनेजर धर्मेंद्र बामनिया 35 का शव फंदे पर झूलता मिला. यह घटना रविवार सुबह सामने आईए जब कर्मचारियों ने उन्हें पंप के पास बने कमरे में फंदे से लटका पाया.
जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र पिता गंगाराम बामनिया निवासी खड़ी का शव पेट्रोल पंप के पास बने कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे झूलता मिला. सुबह जब कर्मचारी पेट्रोल पंप पर पहुंचे तो उन्होंने कमरे के अंदर धर्मेंद्र का शव पंखे से लटका देखा. कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना पोलायकलां चौकी पर दी. पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर शव को फंदे से उतारा, इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है.
सीसीटीवी फुटेज देखने पर अड़े रहे परिजन
धर्मेंद्र के परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं. घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे. परिजन सीसीटीवी फुटेज चेक करने की मांग पर अड़े रहे, उनका कहना है कि जब तक सीसीटीवी फुटेज नहीं देखेंगे तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं करने देंगे. पुलिस परिजनों को समझाने की कोशिश की और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, इसके बाद पीएम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया.
