
शहडोल। नगर पालिका धनपुरी के वार्ड क्रमांक 12 पुरानी अमराडंडी थाना अमलाई स्थित गाड़ा घाट क्षेत्र अंतर्गत हुई हृदय विदारक घटना में दो सगे भाइयों की डूबकर मृत्यु हो गई। जिस पानी में किशोर डूबे वहां अवैध ईंट भट्टा संचालित हैं और स्थानीय नागरिकों के मुताबिक ईंट भट्ठे का काम करने वाला अमित एवं अन्य के द्वारा पानी को उपयोग करने के उद्देश्य से वहां पर मिट्टी निकालकर गड्ढा बना दिया गया था, जिसमे बरसात का पानी एकत्रित हो गया था, जिसका उपयोग अवैध ईंट भट्टा संचालक अमित कर रहा था। कोयलांचल में घटित हुई इस घटना से संपूर्ण क्षेत्र का माहौल गमगीन हो गया। जानकारी के अनुसार मृतक किशोर बृजेश सिंह गोंड उर्फ वारिश (14 वर्ष),विवेक सिंह (10 वर्ष) पिता विक्रम सिंह गोंड निवासी अमरा डंडी वार्ड नंबर 11 नगर पालिका परिषद धनपुरी के निवासी है। अमलाई क्षेत्र में घटित हुई इस घटना से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं । इस दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की हुई मौत पर पर स्थानीय नागरिकों में रोष हैं और उन्होंने ईट भट्टा संचालक के ऊपर कड़ी कार्यवाही की मांग की है।
इस मामले में अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने कहा की मामला बेहद संवेदनशील हैं, जांच उपरांत कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
