
देवसर । देवसर तहसील के विकास एवं क्षेत्रवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर यूथ कांग्रेस नेताओं एवं क्षेत्रीय युवाओं ने सीधी-सिंगरौली लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र की दो प्रमुख जनहितकारी समस्याओं की ओर सांसद का ध्यान आकृष्ट कराते हुए उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने की मांग की गई। ज्ञापन में पहली प्रमुख मांग देवसर तहसील में सर्व सुविधायुक्त सार्वजनिक लाइब्रेरी की स्थापना की रखी गई। युवाओं एवं छात्र-छात्राओं को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने तथा शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सार्वजनिक पुस्तकालय को आवश्यक बताया गया।
अस्पताल में नही है स्त्री रोग समेत अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक
सांसद को अवगत कराते हुये बताया गया कि शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर में अस्थि रोग विशेषज्ञ एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सको की नियुक्ति की गई। क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के चलते मरीजों को बेहतर उपचार के लिए अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। जबकि एनएच-39 में आये दिन सड़क हादसे होते रहते हैं और अस्थि रोग विशेषज्ञ न होने से कइयों की मौत भी हो जाती है। ऐसे में स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति होने से क्षेत्र की जनता को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता शुभम पाठक, यूथ कांग्रेस नेता प्रज्ञान चतुर्वेदी, शुभम शुक्ला, निलेश द्विवेदी, आशुतोष चतुर्वेदी, आशीष द्विवेदी,शेखर द्विवेदी, राजेश नामदेव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
