मुंबई, (वार्ता) अमेज़न ने मंगलवार को घोषणा की कि वह 2030 तक भारत में रिन्यूएबल एनर्जी परियोजनाओं में सात अरब डॉलर का निवेश करने की योजना बना रहा है जिससे देश को ऐसे ऊर्जा भविष्य की ओर बढ़ने में मदद मिलेगी। कंपनी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह निवेश भारत में रिन्यूएबल एनर्जी के लिए पहले से अनुबंधित चार अरब डॉलर के निवेश के अलावा है। इसके साथ ही अमेज़न कहा है कि वह देश में स्वच्छ ऊर्जा खरीदने वाली प्रमुख कंपनियों में से एक है।
कंपनी ने बड़े पैमाने की चार नई पवन और सौर ऊर्जा परियोजनाओं की भी घोषणा की है जिनकी कुल क्षमता कुल 934 मेगावाट होगी। इनमें कर्नाटक में 234 मेगावाट का विंड फार्म भी है जोएशिया में अमेज़न का अब तक का सबसे बड़ा पवन ऊर्जा प्रकल्प है। कंपनी ने कर्नाटक में ही 200 मेगावाट का सोलर-विंड हाइब्रिड परियोजना, मध्य प्रदेश में 300 मेगावाट का सोलर प्रोजेक्ट और राजस्थान में 200 मेगावाट का सौर बिजली प्रकल्प घोषित किया है।
पावर परचेज एग्रीमेंट्स (पीपीए) के तहत तय हुई ये परियोजनाएं अमेज़न के मौजूदा 4 अरब डॉलर के अनुबंधित प्रोजेक्ट्स का हिस्सा हैं। चालू होने के बाद इन सभी प्रोजेक्ट्स की कुल क्षमता 2 गीगावाट (2000 मेगा वाट) से अधिक होगी। इतनी क्षमता से भारत के 35 लाख से ज्यादा घरों की सालाना जरूरत के बराबर बिजली बन सकेगी।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि कंपनी 2030 तक अपने कामकाज में लगने वाली बिजली की कार्बन गहनता 2019 के मुकाबले 65 प्रतिशत कम करना चाहती है।
अमेज़न की चीफ सस्टेनेबिलिटी ऑफिसर कारा हर्स्ट ने कहा, “भारत में रिन्यूएबल एनर्जी में हमारे निवेश के पीछे बरसों की लगातार मेहनत, योजना और उद्योग जगत के साथ सहयोग है। सात अरब डॉलर का यह नया निवेश दिखाता है कि भारत को लेकर हमारी प्रतिबद्धता लंबे समय की है। इससे पवन और सौर ऊर्जा की नई क्षमता जुड़ेगी और भारत की ऊर्जा सुरक्षा व लंबी अवधि के स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों को भी सहारा मिलेगा। साथ ही हमारी कोशिश देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने और 2070 तक नेट-ज़ीरो उत्सर्जन के उसके बड़े लक्ष्य में योगदान देने की है।”
भारत में अमेज़न की नवीकरणीय ऊर्जा सुविधाओं में बड़े स्तर की 14 पवन और सौर ऊर्जा परियोजनाएं शामिल हैं, जो पावर ग्रिड में कार्बन-फ्री एनर्जी जोड़ती हैं। इसके अलावा भारत में कंपनी के अलग-अलग केंद्रों पर 43 ऑन-साइट सोलर इंस्टॉलेशन भी हैं, जो इसके कामकाज के लिए बिजली जुटाने में हाथ बंटाते हैं।
