
सिंगरौली । मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत तहसील मुख्यालय देवसर में जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक, कलेक्टर अंकित अस्थाना, जनपद अध्यक्ष देवसर प्रणव पाठक, जिपं सीईओ संघप्रिय एवं एसडीएम देवसर शिशिर श्रीकृष्ण श्रीराम, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, उपस्थित रहे। शिविर को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि जन विश्वास शिविर शासन एवं आमजन के बीच सीधे संवाद का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले और कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। सांसद ने स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. पुष्पराज सिंह, जिला आपूर्ति अधिकारी पीसी चन्द्रवंशी समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
शासन की योजनाओं की जानकारी दें: विश्वामित्र
विधायक विश्वामित्र पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि जन विश्वास शिविर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने, शासन की योजनाओं की जानकारी देने और पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन एवं डेयरी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री वृंदावन योजना के तहत पात्र पशुपालकों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इधर शिविर के दौरान कलेक्टर अंकित अस्थाना ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों एवं आवेदन पत्रों पर कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित कर शिविर में ही समस्याओं का मौके पर निराकरण कराया।
