देश में आग लगने की बढ़ती घटनाएं चिंता का विषय: कुमारी सैलजा

चंडीगढ़, 23 जून (वार्ता) हरियाणा में सिरसा लोकसभा क्षेत्र से सांसद कुमारी सैलजा ने देश में लगातार आग लगने की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन और नियमित निगरानी होती तो कई लोगों की जान बचायी जा सकती थी।

उन्होंने कहा कि 1995 के डबवाली अग्निकांड के बाद अग्नि सुरक्षा से जुड़े कई नियम और दिशा-निर्देश बनाये गये, लेकिन उनका प्रभावी क्रियान्वयन आज भी नहीं हो पाया है। इसी कारण देश के विभिन्न हिस्सों में समय-समय पर बड़े हादसे सामने आते रहते हैं।

कुमारी सैलजा ने यहां जारी एक बयान में दक्षिण भारत के धार्मिक आयोजनों, मेरठ के विक्टोरिया पार्क, दिल्ली के होटल अग्निकांड, पटाखा फैक्ट्रियों में होने वाली दुर्घटनाओं और हाल ही में लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान में आग लगने जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में अभी भी गंभीर कमियां हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक जवाबदेही कमजोर होने और भ्रष्टाचार के कारण कई स्थानों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है।

उन्होंने कहा कि भवनों, शिक्षण संस्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों और औद्योगिक इकाइयों में अग्निशमन विभाग के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। हरियाणा का जिक्र करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में अग्निशमन विभाग कर्मचारियों की भारी कमी से जूझ रहा है। कई स्थानों पर बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं, जबकि विभाग के कई वाहन और उपकरण भी पुराने हो चुके हैं।

पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों से अग्निशमन विभाग में रिक्त पद जल्द भरने, आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने तथा सार्वजनिक और निजी संस्थानों में अग्नि सुरक्षा नियमों की नियमित जांच सुनिश्चित करने की मांग की।

कुमारी सैलजा ने कहा कि मानव जीवन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है।

 

Next Post

अडानी के मुंद्रा एयरपोर्ट से शुरू हुईं वाणिज्यिक उड़ानें

Tue Jun 23 , 2026
मुंद्रा, 23 जून (वार्ता) अडानी समूह के मुंद्रा एयरपोर्ट से मंगलवार को मुंबई और गोवा को जोड़ने वाली पहली निर्धारित उड़ान सेवा शुरू हुई। स्टार एयर ने यहां से उड़ानों की शुरुआत की है। हवाई अड्डा शुरू होने के बाद मुंद्रा पूर्ण रूपेण एकीकृत मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स और व्यावसायिक केंद्र के […]

You May Like