जबलपुर: कोतवाली थाना अंतर्गत उखरी क्षेत्र में 2 और 3 मई की दरमियानी रात करीब 12 बजे असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया था। 15 से 20 अज्ञात बदमाशों ने बिजली विभाग के उपकेंद्र में घुसकर न केवल ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी के साथ मारपीट की थी, बल्कि सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए जबरन शहर के चार बड़े फीडरों की बिजली भी बंद कर दी। इस हरकत से करीब 10,000 उपभोक्ताओं को अंधेरे में रहना पड़ा था। इस मामले में रविवार को पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
जानकारी अनुसार 2 और 3 मई की दरमियानी रात करीब 12 बजे मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी (पश्चिम संभाग) के 33/11 केवी उखरी उपकेंद्र में नारायण प्रसाद कोष्टा (50) अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। तभी अचानक 15 से 20 अज्ञात युवक सब-स्टेशन का मुख्य गेट फांदकर अनाधिकृत रूप से कंट्रोल रूम के भीतर घुस आए। कर्मचारी नारायण प्रसाद ने पुलिस को बताया कि अंदर घुसते ही बदमाशों ने अधिकारी को बुलाओ कहते हुए हंगामा शुरू कर दिया था जब उन्होंने रोकने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन पर हाथ-घूंसों से हमला कर दिया था।
इस दौरान एक युवक ने पानी भरने वाले स्टील के भारी डंके से कर्मचारी की कोहनी पर जोर से प्रहार किया, जिससे वे घायल हो गए। उनके सिर, पीठ और गालों पर भी गंभीर चोटें आई हैं। मारपीट के बाद बदमाशों ने कंट्रोल रूम के वीसीबी पैनल से छेड़छाड़ की और 33 केवी जबलपुर-2 फीडर को बलपूर्वक बंद कर दिया। इसके चलते यू-1, यू-2, यू-3 और यू-4 फीडरों से जुड़ी बिजली सप्लाई ठप हो गई।
जिससे इन फीडरो के अन्तर्गत आने वाले क्षेत्रो के करीब दस हजार उपभोक्ताओ की विद्युत आपूर्ती बंद हुई। लगभग 20 मिनट तक पूरा इलाका ब्लैकआउट का शिकार रहा, जिसे बाद में घायल कर्मचारी ने हिम्मत जुटाकर बहाल किया। घटना के बाद आरोपी पास के विजय नगर डिवीजन कार्यालय की ओर भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कोतवाली थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।
माढ़ोताल बिजली सब-स्टेशन में भी बवाल, ऑपरेटर का अपहरण, कर्मचारियों को पीटा,
मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के माढ़ोताल सब-स्टेशन में बीती रात असामाजिक तत्वों ने जमकर तांडव मचाया। बिजली सुधार कार्य के दौरान बिजली बंद होने से आक्रोशित होकर कुछ युवकों ने न केवल ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को डंडों से पीटा, बल्कि कार्यालय में रखे कंप्यूटर और अन्य कीमती उपकरणों को भी चकनाचूर कर दिया। आरोपी एक ऑपरेटर का अपहरण कर जबरन बाइक पर बैठाकर दूसरे सब-स्टेशन ले गए और वहां भी उसके साथ मारपीट की।
पुलिस ने बताया कि सहायक अभियंता संतोष कुमार पुर्ते द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई बीती रात करीब 11 बजे माढ़ोताल सब-स्टेशन में लाइन सुधार का कार्य चल रहा था, जिसके कारण विद्युत आपूर्ति बंद रखी गई थी। सब-स्टेशन पर ऑपरेटर दीपक सोनी, राहुल वर्मा और लाइनमैन भागचंद यादव अपनी ड्यूटी पर तैनात थे।
सब-स्टेशन जला देंगे…
अंकित साहू और राजेश यादव अपने साथियों के साथ दफ्तर में घुसे और बिजली बंद होने को लेकर हंगामा मचाया। आरोपियों ने चिल्लाते हुए धमकी दी कि लाइट तुरंत चालू करो, वरना पूरा सब-स्टेशन जला देंगे। इसके बाद आरोपियों ने डंडों से हमला कर ऑपरेटर दीपक सोनी को बुरी तरह पीटा, जिससे उनके सिर, पीठ और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। उपद्रवियों ने कार्यालय में रखे कंप्यूटर के सीपीयू और मॉनिटर को भी डंडे मार-मारकर तोड़ दिया।
10-15 लोगों ने घेरा, अपहरण कर उखरी ले गए
हंगामे के दौरान करीब 10 से 15 अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। जब लाइनमैन भागचंद और राहुल वर्मा ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो भीड़ ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद आरोपी अंकित और राजेश, घायल ऑपरेटर दीपक सोनी को जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर उखरी सब-स्टेशन ले गए और वहां भी उनके साथ मारपीट की गई।
