सारनी। वेस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड पाथाखेड़ा में खान सुरक्षा प्रबंधन पर विशेष प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ। क्षेत्र में खान सुरक्षा को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 11 मई 2026 को ‘खान सुरक्षा प्रबंधन योजना’ पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम क्षेत्रीय महाप्रबंधक संजय एम. मिश्रा के नेतृत्व एवं महाप्रबंधक (संचालन) जितेन्द्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में समूह व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र में सम्पन्न हुआ।प्रशिक्षण कार्यक्रम में क्षेत्र के 16 कर्मचारी, कामगार एवं अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के प्रथम कार्यसत्र में खान सुरक्षा अधिकारी (तवा) पी. रामटेके तथा द्वितीय कार्यसत्र में खान सुरक्षा अधिकारी (तवा-2) अखिलेश कुमार ने पॉवर पाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से प्रतिभागियों को खान सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों, संभावित जोखिमों, दुर्घटना रोकथाम उपायों एवं आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
विशेषज्ञ अधिकारियों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन करने, सतर्कता बनाए रखने तथा आधुनिक सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली को अपनाने पर जोर दिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने भी विभिन्न सुरक्षा विषयों पर जिज्ञासाएं रखीं, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया।
“खान सुरक्षा प्रबंधन योजना” के अंतर्गत आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कर्मचारियों एवं अधिकारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सुरक्षित कार्यसंस्कृति विकसित करने की दिशा में अत्यंत उपयोगी एवं प्रभावी साबित हुआ।
