पारसडोह ताप्ती तट पर पक्के घाट और सीसी रोड की मांग, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

मुलताई। ब्लॉक अंतर्गत आने वाले ग्राम गौला-रावा क्षेत्र मे पारसडोह के पास से बहने वाली ताप्ती नदी किनारे मोक्षधाम तक पक्के घाटों एवं सीसी रोड निर्माण की मांग को लेकर जनपद पंचायत मुलताई की जनपद सदस्य एवं स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास समिति सभापति शर्मिला सुनील पंडोले एवं ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मुलताई को आवेदन सौंपा गया। सौपे गए आवेदन में बताया कि ग्राम पंचायत गौला, रावा, पौनी, कुटखेड़ी, लिहदा, तावला,सोपई, खेड़ीकोर्ट, निमनवाड़ा एवं ऐनखेड़ सहित आसपास के लगभग 17 गांवों के ग्रामीण पारसडोह स्थित ताप्ती नदी मोक्षधाम में अंतिम संस्कार एवं धार्मिक कार्यों के लिए पहुंचते हैं। लेकिन यहां वर्तमान में पक्के घाट एवं सीढ़ियों का अभाव बना हुआ है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।ग्रामीणों ने बताया वर्तमान में पारसडोह पुलिया निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा मोक्षधाम के समीप अस्थायी भराव किया गया है, जो बारिश के समय जल प्रवाह में बह जाने की आशंका रहती है। इससे दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। विशेष रूप से अंतिम संस्कार, दशक्रिया, स्नान एवं पूजा-अर्चना के दौरान बुजुर्गों एवं महिलाओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि पारसडोह का ताप्ती तट धार्मिक एवं सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है, जहां प्रतिदिन क्षेत्रवासी धार्मिक गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद मूलभूत सुविधाओं का अभाव चिंता का विषय बना हुआ है।

जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पारसडोह स्थित ताप्ती नदी किनारे शीघ्र पक्की सीढ़ियां (घाट) एवं सीसी रोड निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम सुविधा उपलब्ध हो सके।

Next Post

सारनी में बिजली प्रबंधक के कार्यालय का घेराव, दी आंदोलन की चेतावनी

Wed May 13 , 2026
सारनी। सारनी क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर यूथ कांग्रेस का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली गुल रहने और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या से परेशान नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए यूथ कांग्रेस […]

You May Like