सिंगरौली : गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अवसर पर संदीपनी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिर्रवाह में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिले की प्रभारी मंत्री संपतिया उइके रहीं।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रेरक लघु वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए भारतीय संस्कृति में गुरु के सर्वोच्च स्थान और गुरु-शिष्य परंपरा पर प्रकाश डाला।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान एवं कृतज्ञता का भाव प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान के प्रदाता नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं अनुशासन की भावना बनाए रखते हुए शिक्षा के माध्यम से अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करने का आह्वान किया।
वहीं राज्यमंत्री राधा सिंह ने कहा कि गुरु का सान्निध्य व्यक्ति के जीवन को नई दिशा और नई पहचान प्रदान करता है। वहीं सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर विधायक राम निवास शाह, राजेन्द्र मेश्राम, कलेक्टर गौरव बैनल, ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दर लाल शाह, जिपं उपाध्यक्ष अर्चन सिंह, डीईओ कविता त्रिपाठी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ मौजूद रही।
