भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पूर्व राष्ट्रपति, भारत रत्न और प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम ने भारत को परमाणु शक्ति के रूप में मजबूत पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विज्ञान, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का डॉ कलाम का संदेश देश के युवाओं का मार्गदर्शन करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में बताया कि सशक्त किसान, समृद्ध मध्यप्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए वह आज सोमवार को खंडवा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत प्रदेश के 82 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 3,300 करोड़ से अधिक की राशि का अंतरण करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
