सतना:राज्य आनंद संस्थान भोपाल के निर्देशानुसार जिले में 30 जुलाई 2026 को अंतर्राष्ट्रीय मित्रता दिवस (International Friendship Day) Sharing the Human Spirit through Friendship थीम पर मनाया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सतना डॉ. सतीश कुमार एस ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत तथा जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
अंतर्राष्ट्रीय मित्रता दिवस का उद्देश्य व्यक्तियों, समाजों, देशों एवं संस्कृतियों के बीच मित्रता, सद्भाव और शांति को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर आपसी सहयोग, संवेदना, समानुभूति, करुणा, विश्वास और पारस्परिक समझ को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया जाएगा। जिले में इस दिवस पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें मित्रों के साथ संवाद स्थापित करना, एलुमनाई मीट का आयोजन, स्कूल-कॉलेज के पुराने संस्मरण साझा करना, मित्रता विषयक प्रतियोगिताएं, स्लोगन लेखन, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन चर्चा, व्याख्यान एवं जागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं।
विद्यार्थियों एवं युवाओं को मित्रता के महत्व से जोड़ने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया, एसएमएस, ईमेल, फेसबुक, ट्विटर एवं अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए भी व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। आनंद क्लबों के माध्यम से इन गतिविधियों का संचालन किया जाएगा, जिसमें जिला प्रोग्राम लीडर, मास्टर ट्रेनर एवं आनंदम सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, समाजसेवियों, शिक्षाविदों, युवा वर्ग एवं बुद्धिजीवियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार हेतु जनसंपर्क विभाग, मीडिया प्रतिनिधियों एवं समाचार पत्रों का सहयोग लिया जाएगा। कार्यक्रम सम्पन्न होने के पश्चात गतिविधियों की रिपोर्ट, फोटो एवं समाचारों का संकलन कर तीन दिवस के भीतर राज्य आनंद संस्थान, भोपाल को प्रेषित किया जाएगा।
