तेज रफ्तार कार का तांडव: बुजुर्ग को मारी टक्कर, खड़ी गाड़ी को रौंदते हुए दुकान में घुसी, चालक नशे में धुत

कटनी। जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीरबाबा के पास रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जबलपुर की ओर से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने जमकर तांडव मचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 3:45 बजे कार चालक ने वाहन को अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए सड़क किनारे खड़ी एक कार को सीधी टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगने के बाद खड़ी कार अनियंत्रित होकर पास ही स्थित फूल-माला की एक दुकान में जा घुसी। इस दौरान सड़क किनारे खड़े एक बुजुर्ग व्यक्ति भी कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत रही कि जिस समय कार दुकान में घुसी, उस वक्त दुकान में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा एक बड़ी जनहानि हो सकती थी।

नशे में धुत था चालक

स्थानीय लोगों के अनुसार, कार चालक अत्यधिक शराब के नशे में था और वाहन पर से उसका नियंत्रण पूरी तरह खत्म हो चुका था। हादसे में प्रयुक्त कार का नंबर MP 20 CL 5382 बताया जा रहा है।

अस्पताल भेजा गया घायल, पुलिस जांच शुरू

घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। नागरिकों की मदद से घायल बुजुर्ग को तत्काल इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया गया। सूचना मिलते ही माधवनगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Next Post

विशेष कॉम्बिंग गश्त में 70 फरार आरोपी एवं वारंटी गिरफ्तार

Sun Jul 26 , 2026
सीधी। विशेष कॉम्बिंग गश्त में 70 फरार आरोपी एवं वारंटी गिरफ्तार किये गये। 29 स्थाई और 41 गिरफ्तारी वारंट तामील कर गुंडा-बदमाशों की भी सघन चेकिंग की गई। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं समस्त अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में दिनांक 25-26 जुलाई 2026 […]

You May Like