
मंदसौर। प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत मल्हारगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 62 किलो 550 ग्राम डोडाचूरा एवं तस्करी में प्रयुक्त टाटा ट्रक (PB08EG6899) जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर महू-नीमच रोड पर थाना के सामने वाहन की घेराबंदी कर ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक से डोडाचूरा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरनीत सिंह (55) निवासी तरणतारण एवं राजिंदर सिंह (35) निवासी तरणतारण (पंजाब) के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने मादक पदार्थ मल्हारगढ़ क्षेत्र के राजू उर्फ राजेंद्र सिंह से लेना बताया, जो फिलहाल फरार है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश एवं मादक पदार्थ के स्रोत की जांच शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल, एसडीओपी पिंटू कुमार बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी के नेतृत्व में की गई।
