
नीमच। रविवार को अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद द्वारा शहर के मनासा नाका स्थित शहीद पार्क में कारगिल विजय दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार और पुलिस लाइन आरआई विक्रम सिंह भदौरिया विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। अतिथियों और पूर्व सैनिकों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया।
इसके अतिरिक्त, परिसर में स्थित उस ऐतिहासिक वृक्ष पर भी पुष्पचक्र अर्पित किए गए, जहाँ स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान सेनानियों को फांसी दी गई थी।
वक्ताओं ने कारगिल युद्ध के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना ने घुसपैठियों और आतंकवादियों को कारगिल की चोटियों से खदेडक़र तिरंगा फहराया था। इसी विजय की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 जुलाई को ‘कारगिल विजय दिवस’ मनाया जाता है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारी, पूर्व सैनिक, उनके परिवारजन और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। सभी ने शहीदों के सपनों का भारत बनाने का संकल्प लिया।
