पश्चिम चम्पारण: नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी मामले में 17 आरोपित भेजे गए जेल

बेतिया, 26 जुलाई (वार्ता)। नीट पेपर लीक के विरोध में बेतिया शहर में शनिवार को हुए प्रदर्शन के दौरान मोहर्रम चौक पर पथराव करने के मामले में पुलिस ने 17 आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

इस मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर शेष आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद मोहर्रम चौक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद हिरासत में लिए गए 17 लोगों से नगर थाना में पूछताछ की गई और बाद में उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विरोध प्रदर्शन समाप्त होने के बाद अधिकांश लोग शांतिपूर्वक लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ उपद्रवियों ने मोहर्रम चौक पर पुलिस पर पथराव कर दिया। अचानक हुई घटना से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ दिया। इस दौरान कुछ लोग पास के एक मकान में छिप गए, जहां तलाशी अभियान चलाकर 17 लोगों को हिरासत में लिया गया।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

 

Next Post

प्रधानमंत्री द्वारा मन की बात में सीधी के जल संरक्षण कार्यों की सराहना की

Sun Jul 26 , 2026
सीधी ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मन की बात कार्यक्रम में सीधी जिले के जल संरक्षण एवं जनभागीदारी आधारित प्रयासों की सराहना किए जाने पर जिले के जनप्रतिनिधियों ने इसे पूरे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित जल गंगा […]

You May Like