नलगोंडा के चेर्वुगट्टू मंदिर के पास भीषण आग से 17 दुकानें जलकर खाक

नलगोंडा, 26 जुलाई (वार्ता) तेलंगाना में नलगोंडा जिले के नारकेटपल्ली मंडल में चेर्वुगट्टू पहाड़ी की तलहटी में शनिवार देर रात भीषण आग लग जाने से श्री पार्वती जडाला रामलिंगेश्वर स्वामी मंदिर के पास स्थित 17 दुकानें और 15 ठेले जलकर खाक हो गये।

पुलिस के अनुसार आग मंदिर की पहाड़ी के तलहटी में स्थित एक खिलौने की दुकान से शुरू हुई और तेज़ी से आस-पास की दुकानों तक फैल गई। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान गैस के दो सिलेंडर फटने से आग और भड़क गई। आग की चपेट में ग्राम पंचायत कार्यालय भी आ गया, जिससे वहां रखे कई सरकारी दस्तावेज़ जलकर नष्ट हो गए।

ग्रामीणों से सूचना मिलने पर दमकलकर्मी तीन दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

अधिकारियों ने लगभग 2.5 करोड़ रुपये संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया है। आग से किसी के हताहत या घायल होने की खबर नहीं है। आग लगने के सही कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।

 

Next Post

WI vs PAK: पहले दिन खराब रोशनी और बारिश बने विलेन, समय से पहले खत्म करना पड़ा खेल

Sun Jul 26 , 2026
वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज मुकाबले के पहले दिन बारिश और खराब रोशनी के कारण खेल जल्दी रोकना पड़ा। वेस्टइंडीज ने 3 विकेट पर 194 रन बना लिए थे। त्रिनिदाद, वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच ब्रायन लारा क्रिकेट अकादमी में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच […]

You May Like