एनसीसी कैडेट्स ने संभाला शहर के प्रमुख चौराहों का ट्रैफिक

इंदौर: शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से शनिवार को एयर विंग एनसीसी कैडेट्स ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर प्रमुख चौराहों पर यातायात संचालन में सहयोग किया. इस दौरान कैडेट्स ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक भी किया.
यातायात पुलिस के विशेष अभियान के तहत 1 एमपी एयर विंग एनसीसी के कैडेट्स को पहले यातायात संचालन का प्रशिक्षण दिया. पुलिस अधिकारियों ने उन्हें यातायात संकेतों, हाथों के इशारों से ट्रैफिक नियंत्रित करने, चौराहों पर सावधानी बरतने और आपात स्थिति में कार्रवाई की जानकारी दी. प्रशिक्षण के बाद शाम 4 बजे से 7 बजे तक कैडेट्स ने यातायात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ शहर के प्रमुख व व्यस्त चौराहों पर यातायात व्यवस्था संभाली.

इस दौरान उन्होंने वाहन चालकों को रेड लाइट का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने, गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने के लिए जागरूक किया. इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात विक्रम सिंह रघुवंशी ने कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया.

कैडेट्स का अनुशासन और सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणादायक
डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि एनसीसी कैडेट्स का अनुशासन और सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणादायक है. उन्होंने कैडेट्स से सड़क सुरक्षा के संदेश को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने की अपील की. यातायात पुलिस के अनुसार भविष्य में भी एनसीसी इकाइयों, शैक्षणिक संस्थानों और स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

Next Post

वैन चालक ने प्रताडऩा से तंग आकर की थी खुदकुशी

Sun Jul 26 , 2026
जबलपुर: गोरखपुर थाना अंतर्गत शक्ति नगर गुप्तेश्वर में 29 जून को एक वैन चालक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मर्ग जांच में यह बात सामने आई कि मृतक को उसकी पत्नी, सास, साली, साढू भाई ताने मारते थे। प्रताडि़त करते थे आत्महत्या के लिए उकसाते थे। जिनकी प्रताडऩा […]

You May Like