बालिका गृह से भर्ती कराई गई किशोरी अस्पताल से लापता

इंदौर: एमटीएच अस्पताल से बुधवार सुबह एक 15 वर्षीय किशोरी के लापता हो गई. किशोरी शहर के एक बालिका गृह में रह रही थी, उसे गर्भावस्था व पेट में संक्रमण की शिकायत के चलते 20 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. किशोरी मूलतः बिहार के मधुवनी की रहने वाली है. अस्पताल में सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बल तैनात होने के बावजूद वह सुबह करीब 7 बजे बाथरूम जाने की बात कहकर निकली और वापस नहीं लौटी.

जानकारी के अनुसार, ड्यूटी पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने उसे बाथरूम की ओर जाते देखा था. काफी देर तक नहीं लौटने पर अस्पताल परिसर में तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई. सेंट्रल कोतवाली थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. रेलवे पुलिस और बिहार पुलिस को भी अलर्ट किया है.
दरअसल, उक्त किशोरी करीब एक माह पहले इंदौर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी को लावारिस हालत में मिली थी. काउंसलिंग के दौरान उसने बताया था कि माता-पिता के नहीं होने के कारण उसके चाचा-चाची ने उसे पांच लाख रुपये में राजस्थान के माधोपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति को बेच दिया था, जहां उससे घर का काम करवाया जाता था और दुष्कर्म किया जाता था. किशोरी किसी तरह 26 जनवरी 2026 की रात वहां से भागकर ट्रेन से इंदौर पहुंची थी.
मामले में जीआरपी पुलिस ने उस समय शून्य पर प्रकरण दर्ज कर मामला बिहार के मधुबनी भेजा दिया था. इसके बाद उसे चाइल्ड लाइन के माध्यम से शहर के बालिका गृह में रखा गया था. अब पुलिस अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. किशोरी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है. एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि अस्पताल से गायब होने के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और सभी संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है. प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किशोरी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें.

Next Post

ग्रेटर कैलाश-आनंद बाजार क्षेत्र में नो पार्किंग को लेकर बैठक

Fri Feb 27 , 2026
इंदौर. शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस द्वारा नो पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत जनसहयोग से यातायात में बेहतर व्यवस्था की संभावना को लेकर एक बैठक आयोजित की गई. पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के […]

You May Like