
जबलपुर। अधारताल थाना अंतर्गत रिछाई व्हीकल मोड़ स्थित अंकुर चिकन सेंटर के संचालक पर ग्राहक बुलाने के विवाद में चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि रिछाई व्हीकल मोड़ पर स्थित चिकन सेंटर मालिक महेंद्र उर्फ अंकुर खटीक अपने एक कर्मचारी साहिल को घर छोड़ने महाराजपुर गए थे। दुकान के काउंटर पर मौजूद कर्मचारी राजेश साहू (26) से सामने वाली दुकान भैयाजी चिकन के संचालक राहुल धुर्वे ने ग्राहक बुलाने की बात पर विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर राहुल ने अपने साथी अर्जुन काछी के साथ मिलकर राजेश से मारपीट की। इसी दौरान दुकान मालिक अंकुर खटीक मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। अर्जुन ने अंकुर को पकड़ लिया और राहुल ने जान से मारने की नीयत से चाकू से वार कर दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।
