
जबलपुर। घर बैठे ऑनलाइन कमाई के लालच में आकर गोरखपुर क्षेत्र की एक महिला साइबर ठगों का शिकार हो गई। ठग ने होटल रेटिंग और क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर महिला से 43 हजार रुपये हड़प लिए। गोरखपुर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, रतन कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय ज्योति राव के व्हाट्सएप पर घर बैठे पैसे कमाने का एक लिंक आया था। लिंक पर क्लिक करते ही वे टेलीग्राम के मेगा टास्क ग्रुप से जुड़ गईं। ठगों ने पहले कुछ रुपये भेजकर विश्वास जीता और फिर क्रिप्टो करेंसी अकाउंट खुलवाकर 43 हजार रुपये निवेश करवा लिए। पैसे निकालने की कोशिश करने पर आरोपियों ने खाता होल्ड होने का बहाना बनाया और अनफ्रीज करने के नाम पर 50 हजार रुपये और मांगे। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
