
सौंसर, सौंसर के एक सूने मकान में हुई चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करने में सौंसर पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, स्कूटी और फ्रिज सहित कुल 3,64,180 रुपये का मशरूका बरामद कर नागपुर के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं वारदात में शामिल इनका एक अन्य साथी फिलहाल बाल सुधार गृह में निरुद्ध है।
*सूने मकान को बनाया था निशाना*
जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 09 निवासी आदित्य पिता देवेन्द्र तूपकर के सुने घर 12 और 13 मई की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
*CCTV और साइबर सेल की मदद से दबोचे गए आरोपी*
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रकाश परिहार के निर्देशन एवं एसडीओपी श्रीमती प्रियंका पांडे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रूपलाल उईके के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए फोरेंसिक यूनिट, मुखबिर तंत्र, साइबर सेल और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नागपुर महाराष्ट्र के रहने वाले तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की इस वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया। टी आई उईके ने बताया कि गिरफ्तार आरोपीयो में अफरोज पिता समशाद अंसारी उम्र 24 साल,निवासी- आंबेनगर भांडेवाडी, पारडी, नागपुर।संघर्ष पिता कैलाश बागड़े 18 साल,निवासी- वार्ड नं 03 खापरखेड़ा, नागपुर तथा मन पिता अशोक चौरे उम्र 19 साल, निवासी- अमर नगर टेकडी एमआईडीसी, नागपुर शामिल है। उन्होंने बताया कि इनका एक और साथी आयुष पिता राजकुमार शेंडे निवासी नागपुर वर्तमान में बाल सुधार गृह वर्धा में निरुद्ध है, जिसे जल्द गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
*चोरी के पैसों से खरीदा फ्रिज और स्कूटी जब्त*
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने शत-प्रतिशत माल बरामद करने में सफलता पाई है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 3,64,180 रुपये है। टीआई रूपलाल उईके के मुताबिक नगद राशि 9,180 रुपये के अलावा 2 सोने की अंगूठी, 20 सोने के मणी,सोने का लॉकेट, 2 सोने की मनगटी और चांदी की पायल अनुमानित कीमत 1,79,500 रुपये शामिल है। साथ ही चोरी के रुपयों से खरीदी गई अन्य सामग्री में एक बिना नंबर की बर्गमैन स्कूटी जिसकी कीमत 1,50,000 रुपये तथा एक वर्लपूल कंपनी का फ्रिज जिसकी कीमत 25,500 रुपये है जब्त की गई।
*पुलिस टीम में इनकी रही सराहनीय भूमिका*
इस अंधे चोरी की घटना का पर्दाफाश करने में सौंसर थाना प्रभारी रुपलाल उईके के साथ उपनिरीक्षक प्रहलाद बैरागी, आरक्षक अखिलेश प्रताप सिंह, मनीष टेमरे, राजेन्द्र चौरिया, महिला आरक्षक लता कंगाली और साइबर सेल के आरक्षक अखिलेश हिंगवे की सराहनीय भूमिका रही।
