शादी के एक महीने बाद सामने आया चौंकाने वाला मामला, धूमधाम से हुई शादी, अब दुल्हन के थर्ड जेंडर होने का दावा

शाजापुर, शाजापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शादी के करीब एक महीने बाद ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे परिवार को हैरान कर दिया। शाजापुर निवासी 28 वर्षीय युवक की करीब एक महीने पहले पचोर निवासी युवती से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार धूमधाम से शादी हुई थी। परिवार का दावा है कि शादी के करीब एक महीने बाद उन्हें जानकारी मिली कि दुल्हन थर्ड जेंडर है। इसके बाद दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया गया, लेकिन मामला विवाद में बदल गया और मारपीट तक पहुंच गया।

शाजापुर निवासी 28 वर्षीय युवक ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, रात करीब 10 बजे पचोर निवासी लड़की के परिजन आजाद, राकेश, और चंदो बाई उसके घर पहुंचे और लड़की को साथ ले जाने की बात कही। पीड़ित युवक ने सुबह ले जाने की बात कही, जिस पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि आजाद ने गाली-गलौज करते हुए झूमाझटकी की।

शोर सुनकर पीड़ित के भाई और भाभी बाहर आए तो आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान लकड़ी से भाभी के दोनों हाथों पर चोट पहुंचाई गई और उसके हाथ में दांत से काटा गया। वहीं, सब्जी काटने वाले चाकू से भाई के हाथ की उंगली पर चोट लगने का आरोप है।

फरियादी के अनुसार, विवाद के दौरान बीच-बचाव करने आए लोगों ने मामला शांत कराया। आरोप है कि जाते समय दूसरे पक्ष के लोगों ने धमकी भी दी। इसके बाद दोनों भाइयों के साथ कोतवाली थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।

पीड़ित के भाई ने बताया कि शादी के बाद परिवार को दुल्हन के थर्ड जेंडर होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद बातचीत के लिए परिजनों को बुलाया गया, जहां विवाद और मारपीट हो गई। हमने शादी के लिए लड़की के परिजनों को भी एक लाख रुपए भी दिए।

कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने बताया कि फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

पुरानी रंजिश को लेकर फायरिंग में तीन दोस्त घायल

Sat Jul 25 , 2026
ग्वालियर। ग्वालियर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गौसपुरा नंबर-1 के ठाकुर मोहल्ला में पुरानी रंजिश को लेकर बदमाशों ने गोलियां चलाई। जिम सेअपने घर लौट रहे चार दोस्तों पर पहले से घात लगाए बैठे आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने रास्ता रोककर मारपीट की फिर गोलियां चला दीं। अचानक […]

You May Like