राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार विजेताओं को किया जायेगा सम्मानित

नयी दिल्ली, 17 नवंबर (वार्ता) मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के अंतर्गत पशुपालन और डेयरी विभाग ने पशुधन और डेयरी क्षेत्र के सर्वोच्च सम्मान राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार (एनजीआरए) 2025 के विजेताओं की घोषणा यहां सोमवार को की।
पुरस्कार विजेताओं को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 26 नवंबर को एक समारोह में सम्मानित किया जायेगा।
मंत्रालय की तरफ से आधिकारिक जानकारी के अनुसार यह पुरस्कार केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह द्वारा प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर राज्य मंत्री मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय प्रो. एसपी सिंह बघेल और जॉर्ज कुरियन भी मौजूद रहेंगे। एनजीआरए के लिये इस वर्ष कुल 2,081 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से पुरस्कार विजेताओं का चयन किया गया।
देशी गाय-भैंस का पालन करने वाले सर्वश्रेष्ठ डेयरी किसान श्रेणी पुरस्कार में गैर-पूर्वोत्तर क्षेत्र से पहले स्थान पर अरविन्द यशवन्त पाटिल, कोल्हापुर, महाराष्ट्र, द्वितीय स्थान पर डॉ. कंकनाला कृष्ण रेड्डी, हैदराबाद, तेलंगाना और तृतीय स्थान पर हर्षित झूरिया, सीकर, राजस्थान एवं कुमारी श्रद्धा सत्यवान धवन, अहमदनगर, महाराष्ट्र को चुना गया है।
इसी वर्ग में पूर्वोत्तर/हिमालयी क्षेत्र से विजय लता, हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश, प्रदीप पंगरिया, चंपावत, उत्तराखंड को पुरस्कार प्रदान किया जायेगा।
मंत्रालय की तरफ से जारी विज्ञप्ति के अनुसार राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार-2025 में प्रथम दो श्रेणियों अर्थात सर्वश्रेष्ठ डेयरी किसान और सर्वश्रेष्ठ किसान और डेयरी सहकारी/ दूध उत्पादक कंपनी/डेयरी किसान उत्पादक में योग्यता प्रमाण पत्र, एक स्मृति चिन्ह और नगद पुरस्कार शामिल होंगे।
जबकि सर्वश्रेष्ठ कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन (एआईटी) श्रेणी के मामले में, राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार-2025 में केवल योग्यता प्रमाण पत्र और एक स्मृति चिन्ह प्रदान किया जाएगा। इसमें कोई नकद पुरस्कार नहीं दिया जाएगा।
ज्ञात रहे कि दिसंबर 2014 में शुरू किया गया राष्ट्रीय गोकुल मिशन (आरजीएम) स्वदेशी गोजातीय नस्लों के वैज्ञानिक संरक्षण और विकास पर केंद्रित है। वर्ष 2021 से, विभाग दुग्ध उत्पादक किसानों, डेयरी सहकारी समितियों/एमपीसी/एफपीओ और कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियनों (एआईटी) को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिवर्ष राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार (एनजीआरए) प्रदान करता है।

Next Post

जिम कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की सुरक्षा के लिए उच्चतम न्यायालय ने जारी किया निर्देश

Mon Nov 17 , 2025
नयी दिल्ली, 17 नवंबर (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने जिम कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की सुरक्षा के लिए कई दूरगामी संरक्षण निर्देश जारी किये हैं। मुख्य न्यायाधीश बी आर गवई की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा है कि पारिस्थितिकी रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में पर्यटन पूरी तरह से ‘इको पर्यटन’ होना चाहिए […]

You May Like