दूध और दुग्ध उत्पादों की जांच अभियान में 28 खाद्य नमूने लिए

इंदौर: खाद्य सुरक्षा प्रशासन इंदौर ने शुक्रवार को दूध एवं दुग्ध उत्पादों सहित अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के दौरान 05 डेयरी प्रतिष्ठानों, 01 मेस और 01 खाद्य प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर कुल 28 खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।.वहीं मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से 38 खाद्य पदार्थों की मौके पर प्रारंभिक जांच की गई।

अभियान के तहत नवलखा स्थित रामजी डेयरी से दूध के 3 नमूने, श्री गौरी गोपाला मावा एवं डेयरी फार्म से मावा, दूध और पनीर के 5 नमूने, लिंबोदी स्थित जय माता दी डेयरी से दूध, पनीर और मावा के 4 नमूने, हनुमंत डेयरी एंड स्वीट्स से दूध, पनीर, मावा एवं घी के 6 नमूने तथा द्वारकाधीश डेयरी एंड स्वीट्स से दूध, पनीर और मावा के 5 नमूने लिए गए.
इसके अलावा उत्तम भोग मेस एंड रेस्टोरेंट से चावल, आटा और दाल के 3 नमूने जांच हेतु लिए गए. सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त खराब गुणवत्ता के चिप्स विक्रय संबंधी शिकायत पर आनंद बाजार स्थित साउथ इंडियन श्री कृष्णा हॉट चिप्स का निरीक्षण कर बनाना चिप्स एवं बनाना चिली चिप्स के 2 नमूने भी संग्रहित किए गए. खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, स्वच्छता, कोल्ड चेन बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए.सभी 28 नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है. जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

इंस्टाग्राम, वॉट्सऐप पर ग्राहक तलाशकर बेचते थे एमडी ड्रग्स

Sat Jul 25 , 2026
इंदौर: लसूड़िया पुलिस ने एमडी ड्रग्स की तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों में इंदौर का एक तस्कर और राजस्थान के प्रतापगढ़ के दो आरोपी शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 53.45 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स और दो बाइक जब्त की हैं.पुलिस […]

You May Like