इंदौर: लसूड़िया पुलिस ने एमडी ड्रग्स की तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों में इंदौर का एक तस्कर और राजस्थान के प्रतापगढ़ के दो आरोपी शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 53.45 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स और दो बाइक जब्त की हैं.पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जाहिद उर्फ जावेद खान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप के जरिए ग्राहकों से संपर्क करता था और इसके बाद ड्रग्स की सप्लाई करता था.
पुलिस अब आरोपियों से ड्रग्स के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है. मामले की शुरुआत 15 जुलाई की रात हुई, जब लसूड़िया पुलिस ने निरंजनपुर सब्जी मंडी गेट के पास मो. जफर पठान उम्र 45 साल निवासी ग्रीन पार्क कॉलोनी, धार रोड को पकड़ा था. तलाशी में उसके पास से 19.14 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली थी. पुलिस ने उसकी पल्सर बाइक भी जब्त की थी.
पूछताछ में जफर ने पुलिस को बताया कि वह यह ड्रग्स राजस्थान के प्रतापगढ़ निवासी जाहिद उर्फ जावेद खान से लेकर आया था. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जाहिद उर्फ जावेद खान उम्र 24 साल और उसके साथी कन्हैयालाल गायरी उम्र 25 साल, दोनों निवासी ग्राम कोठरी, जिला प्रतापगढ़ राजस्थान को लसूड़िया परमार स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास बायपास से गिरफ्तार किया. पुलिस ने जाहिद के कब्जे से 34.31 ग्राम एमडी ड्रग्स और हीरो बाइक जब्त की है.
तीनों आरोपियों पर पहले से भी दर्ज हैं प्रकरण
लसूड़िया थाना प्रभारी राजकुमार यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस अब ड्रग्स सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है. जफर पठान के खिलाफ पहले चंदन नगर थाने में मारपीट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज है. वहीं जाहिद उर्फ जावेद खान के खिलाफ राजस्थान के जोधपुर और प्रतापगढ़ जिले में एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज पाए हैं.
