
सागर। जवाहरलाल नेहरू पुलिस अकादमी (जेएनपीए), सागर में जिला आबकारी अधिकारियों एवं आबकारी उप निरीक्षकों के द्वितीय बैच (43 प्रशिक्षणार्थी अधिकारियों) का दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण 18 मई 2026 से 23 जुलाई 2026 तक जवाहरलाल नेहरू पुलिस अकादमी में संचालित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को कानून, आबकारी अधिनियम, अन्वेषण, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, शारीरिक दक्षता, फील्ड क्राफ्ट एवं व्यवहारिक पुलिसिंग सहित विभिन्न विषयों का गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया।समारोह का आयोजन विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) रवि कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक, जवाहरलाल नेहरू पुलिस अकादमी श्रीमती प्रतिमा पटेल के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ आकर्षक एवं अनुशासित मार्च-पास्ट से हुआ, जिसमें प्रशिक्षु अधिकारियों ने उत्कृष्ट कदमताल, अनुशासन एवं प्रशिक्षण के दौरान अर्जित दक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी लेकर प्रशिक्षुओं का अभिवादन स्वीकार किया। नवप्रशिक्षित अधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।प्रशिक्षण के दौरान शैक्षणिक, शारीरिक, फायरिंग, परेड एवं अन्य विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थी अधिकारियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, जेएनपीए श्रीमती प्रतिमा पटेल ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि प्रशिक्षण केवल ज्ञान अर्जित करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि चरित्र, अनुशासन, नेतृत्व और उत्तरदायित्व के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि आज से सभी प्रशिक्षु अधिकारी शासन एवं समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि सभी अधिकारी पूर्ण ईमानदारी, निष्पक्षता, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए कानून के शासन को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे।समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने भी प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी आबकारी अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने ज्ञान, दक्षता एवं सेवा भावना से प्रदेश की आबकारी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।इस पर श्रीमती नीरजा श्रीवास्तव उपायुक्त, आबकारी उड़न दस्ता, रमेश चंद्र आर्य केंद्रीय जेल अधीक्षक, श्रीमती कीर्ति दुबे सहायक आबकारी आयुक्त, दुर्गेश राठौर पुलिस अधीक्षक, लोकायुक्त सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी, अकादमी के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा प्रशिक्षणार्थी अधिकारियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
