
जबलपुर। रांझी थाना अंतर्गत लक्ष्मी मंदिर मेन रोड गोकलपुर में रविवार देर रात्रि कार-बाइक मेें एक्सीडेंट के बाद चाकुओं से गोदकर हुई फर्नीचर कारोबारी की हत्या करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आज कंट्रोल रूम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता ने खुलासा किया उन्होंने बताया कि एकांश साहू पिता सुरेश साहू 34 वर्ष निवासी सब्जी मंडी अधारताल का फर्नीचर कारोबारी था। रविवार रात्रि वह अपने दोस्त मोहित के साथ क्रेटा कार से घर लौट रहा था। रात्रि करीब 11:30 बजे लक्ष्मी मंदिर मेन रोड गोकलपुर में एकांश साहू की गाड़ी का एक्सीडेंट एक मोटर सायकिल से हो गया था। इसके बाद बाइक चालक और कार चालक के बीच विवाद कहासुनी हुई। जिसके बाद बाइक सवार युवकों ने फोन करके अज्ञात लडक़ों को बुला लिया था और एक्सीडेंट की बात को लेकर एकांश पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए थे। हमले में एकांश को सीने, पेट में गंभीर चोटें आ गई जिससे उसकी मौत हो गई थी। आरोपी एक्सीडेंट वाली मोटर सायकल क्रमांक एमपी 20 के एम 0511 को वहीं पर छोड़ भाग गए थे। पुलिस ने सीसीटीव्ही फुटेज और बाइक नंबर के जरिए आठ आरोपियों को चिन्हित किया था।
ऐसे चढ़े हत्थे
टीआई उमेश गोल्हानी ने बताया कि घटना स्थल के आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले गये, काले रंग की स्पेलेंडर मोटर साईकिल क्रमांक एमपी 20 केएम 0511 के रजिस्ट्रर्ड वाहन स्वामी संजय सिंह ठाकुर से पूछताछ की गयी जिसने वाहन को शिवम बाजपेयी को बेचना बताया। विजय नगर जीरो डिग्री में दबिश देते हुये शिवम बाजपेयी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई जिसने अपने साथी सुधीर चौधरी, अकिंत चौरसिया, कमलेश महोबिया, सुमित चौधरी, जय बेन, छोटू ठाकुर व एक अन्य साथी के साथ मिलकर घटना करना स्वीकार किया। आरोपी सुधीर चौधरी को अमखेरा, अंकित चौरसिया को घमापुर व सुमित चौधरी को विजय नगर से अभिरक्षा में लेकर थाना लाकर पूछताछ की गई।
ये अब भी फरार
प्रकरण के अन्य आरोपी कमलेश महोबिया, जय बेन, छोटू ठाकुर व एक अन्य साथी फरार है जिनकी तलाश जारी है ।
