
सीधी। कुनझुन में अवैध स्टोन क्रेशर संचालित किया जा रहा है। ग्राम पंचायत कुनझुन के प्रस्ताव के बिना एम.बी. माइंस एंड मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किये जा रहे अवैध उत्खनन की शिकायत विधायक से हुई है।
गौरतलब है कि सीधी जिले के तहसील बहरी अंतर्गत ग्राम पंचायत कुनझुन कला में रकवा 8.6516 हेक्टेयर क्षेत्र पर भण्डारण अनुज्ञप्ति के लिये एम.बी. माइंस एंड मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा खनिज विभाग सीधी में आवेदन किया गया था। उक्त रकवा शासकीय भूमि में थी। उक्त भूमि में खनिज एम-सैंड, स्टोन डस्ट, खंडा/डोका, फ्लेग स्टोन, पत्थर, गिट्टी, बोल्डर हेतु व्यापारिक अनुज्ञप्ति के लिये आवेदन प्रस्तुत की गई थी, जिसमें कार्यालय कलेक्टर खनि शाखा द्वारा पत्र क्रमांक/1340, दिनांक 11 दिसम्बर 2025 को भेजकर ग्राम पंचायत कुनझुन कला से आवश्यक जानकारी 15 दिवस में मांगी गई थी। ग्राम सभा का प्रस्ताव एवं स्पष्ट अभिमत इसमें मांगा गया था जिससे आवेदन पर आगे की कार्रवाई की जा सके।
ग्राम पंचायत की ओर से तत्संबंध में आवश्यक जानकारी तो बनाई गई लेकिन खनिज विभाग सीधी को नहीं भेजा गया। फिर भी कुनझुन कला में ग्राम पंचायत के बिना प्रस्ताव के अवैध रूप से स्टोन क्रेशर का संचालन शुरू कर दिया गया, साथ ही संबंधित भूमि में पत्थर का अवैध उत्खनन भी शुरू कर दिया गया। सभी नियमों को ताक पर क्रेशर संचालक द्वारा यहां कार्य करने की शिकायत सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक से भी की गई है। शिकायत में ग्रामीणों ने कहा कि ग्राम की निस्तार भूमि एवं पूर्व में पौधरोपण की गई भूमि को आवंटित किये जाने पर लीज को निरस्त किया जाय। इस पर विधायक द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
००
डढिय़ा की लीज निरस्त करने हुआ प्रस्ताव
ग्राम पंचायत डढिय़ा द्वारा 14 अप्रैल 2026 को सम्मेलन का आयोजन ग्राम पंचायत भवन में किया गया। सम्मेलन में प्रस्ताव क्रमांक 05 में ग्राम डढिय़ा की आराजी नं.1050 में स्वीकृत पत्थर खदान पर चर्चा की गई। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि उक्त भूमि में किसी भी प्रकार की खदान संचालित नहीं है। ऐसे में गुण दोष के आधार पर लीज निरस्त कर दी जाय।
००
इनका कहना है
ग्राम पंचायत में उत्खनन के लिये लीज निरस्त करने का प्रस्ताव ग्राम सभा द्वारा उनके कार्यालय को नहीं भेजा गया है। यदि ग्राम पंचायत का प्रस्ताव कार्यालय को प्राप्त हो जाता है तो उसमें अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जावेगी।
कपिल मुनि शुक्ला, खनिज अधिकारी सीधी
ग्राम पंचायत कुनझुन की ओर से एम.बी. माइंस एंड मिनरल्स प्रााइवेट लिमिटेड को किसी तरह की अनुमति नहीं दी गई है। अवैध संचालन की शिकायत पंचायत की ओर से की गई है।
अशोक गौतम, सचिव ग्राम पंचायत कुनझुन
०००००००००००
