
उज्जैन। शारदा पीठ श्रृंगेरी के शंकराचार्य स्वामी श्री विधुशेखर भारती जी ने शुक्रवार को उज्जैन में विश्व प्रसिद्ध श्री महाकाल मंदिर पहुंचकर ज्योतिर्लिंग के दर्शन लाभ लिए। शंकराचार्य ने दर्शन उपरांत मंदिर के सभा मंडप स्थित श्री चन्द्रादित्येश्वर महादेव, श्री शंकराचार्य मंदिर, श्री वीरभद्र भगवान का विधिवत पूजन-अर्चन किया। पूजन शासकीय पुजारी श्री घनश्याम शर्मा द्वारा संपन्न करवाया गया। पुजारी संजय गुरु, आशीष गुरु भी प्रमुख रूप से इस दौरान मौजूद रहे। श्री महाकाल मंदिर प्रबंध समिति की ओर से प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने शंकराचार्य स्वामी का स्वागत एवं सत्कार किया। दर्शन एवं पूजन के पश्चात शंकराचार्य स्वामी श्री विधुशेखर भारती जी ने श्री महाकाल महालोक का भ्रमण भी किया। उल्लेखनीय है कि शंकराचार्य जी उज्जैन में इंदौर रोड फोरलेन स्थित आश्रम में आयोजित भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेने आए थे। समारोह में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए थे। प्रतिष्ठा समारोह संपन्न होने के पश्चात शंकराचार्य जी धार्मिक नगरी उज्जैन के प्रमुख मंदिरों में दर्शन, पूजन के लिए निकले हैं. उनके साथ अनुयायी व शिष्य भी मंदिरों में दर्शन का पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
