
रीवा, चोरहटा थाना अन्तर्गत लगातार चोरी की वारदात बढ़ रही है. दिनदहाड़े चोरों ने एक घर को अपना निशाना बनाया. जहा से नगदी और सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिये.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी वारदात चोरहटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बहुरीबाध की है. यहाँ रहने वाले जितेन्द्र तिवारी के घर में अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े धावा बोल दिया. बताया जा रहा है कि पीडि़त परिवार में पिता की बरसी का धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होने वाला था, जिसकी तैयारियों के लिए घर में जरूरी सामान और नकदी का इंतजाम करके रखा गया था. इसी दौरान मौका पाकर घर में घुसे चोर करीब 20 हजार रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, झुमके, चांदी की पायल और पैरों की बिछिया समेत तमाम कीमती सामान चुराकर रफूचक्कर हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और हडक़ंप की स्थिति बन गई. पीडि़त जितेन्द्र तिवारी ने तुरंत चोरहटा थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से मांग की है कि जल्द से जल्द बदमाशों का सुराग लगाकर चोरी गया सारा सामान बरामद किया जाए. फिलहाल, इस घटना के बाद पुलिस ने मामले को जाँच मे लिया है और चोरो की पता तलाश शुरु कर दी है.
