दिवाली से पहले घर पर छापा, पनीर और रिफाइंड तेल जब्त, दुकानदारों ने बंद की दुकानें

ग्वालियर। दिवाली से पहले ग्वालियर जिले के पिछोर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक घर पर छापा मारकर 128 किलो पनीर और 10 किलो रिफाइंड तेल जब्त किया है। विभाग को सूचना मिली थी कि घर के अंदर बड़ी मात्रा में पनीर का कारोबार किया जा रहा है। इसके बाद खाद्य विभाग की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई की। जब्त किए गए पनीर और तेल के सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि इनमें किसी तरह की मिलावट है या नहीं।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरीश राजौरिया के अनुसार, विभाग को पिछोर में राकेश बघेल के घर से पनीर का कारोबार किए जाने की जानकारी मिली थी। इस पर पुलिस के साथ टीम ने घर पर छापा मारा। जांच के दौरान वहां 128 किलो पनीर के अलावा 10 किलो रिफाइंड तेल मिला।

टीम ने दोनों खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर पूरा सामान फ्रिज में रखवाया और सील कर दिया। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पिछोर में छापेमारी की खबर फैलते ही स्थानीय डेयरी कारोबारियों में हलचल शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि खाद्य विभाग की कार्रवाई के दौरान कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर वहां से चले गए।

वहीं, इस कार्रवाई के बाद खाद्य पदार्थों की जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं। दिवाली के समय दूध, पनीर और मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में सवाल है कि खाद्य सुरक्षा विभाग शहर में संचालित डेयरी और मिष्ठान दुकानों की भी नियमित जांच करेगा या उसकी कार्रवाई पिछोर तक ही सीमित रहेगी।

फिलहाल पिछोर से जब्त पनीर और रिफाइंड तेल की जांच रिपोर्ट आना बाकी है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही इन खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और संभावित मिलावट की स्थिति साफ हो सकेगी।

Next Post

61 वर्ष की हुईं अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे

Sun Nov 1 , 2026
मुंबई, 01 नवंबर (वार्ता) बॉलीवुड की जानीमानी अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे आज 61 वर्ष की हो गयीं।पद्मिनी कोल्हापुरी का जन्म 01 नवंबर, 1965 को एक मध्यम वर्गीय कोंकणी परिवार में हुआ। उनके पिता पंढरीनाथ कोल्हापुरे शास्त्रीय गायक थे, जबकि उनकी मां एयरलाइंस में काम किया करती थीं। घर में संगीत का […]

You May Like