नयी दिल्ली, 24 जुलाई (वार्ता) भारत और इज़राइल के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए वार्ता का दूसरा दौर राजधानी में 20 से 23 जुलाई तक चला। दोनों पक्षों ने प्रस्तावित समझौते के सभी क्षेत्रों पर विस्तृत चर्चा की और इसे एक संतुलित, व्यापक और पारस्परिक रूप से लाभदायक समझौते की दिशा में प्रगति बताया। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने दोनों पक्षों ने समझौते के लिए नवंबर 2025 में समझौते की बातचीत के लिए शर्तों व संदर्भों पर हस्ताक्षर किये। वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार, आर्थिक सहयोग और समग्र आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए चिह्नित क्षेत्रों पर बातचीत हेतु एक व्यवस्थित ढांचा प्रदान करना जारी रखे हुए हैं।
वित्त वर्ष 2025-26 में भारत और इज़राइल के बीच कुल व्यापारिक संबंध 3.93 अरब डॉलर तक पहुंच गए। दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में मजबूत पूरकता है, और प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और आर्थिक एकीकरण को और बढ़ाने के महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। दूसरे दौर की वार्ता के उद्घाटन सत्र में भारत के मुख्य वार्ताकार और वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त सचिव अजय भादू ने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने वाले संतुलित, व्यापक और पारस्परिक रूप से लाभकारी समझौते पर बातचीत करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया।
इज़राइल की मुख्य वार्ताकार यिफ़ात अलोन पेरेल ने वार्ता के पहले दौर के बाद से हुई प्रगति की सराहना की और एक महत्वाकांक्षी और पारस्परिक रूप से लाभकारी परिणाम प्राप्त करने की दिशा में गति बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। दोनों पक्षों ने भारत और इज़राइल के बीच द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और आर्थिक संबंधों को और गहरा करने वाले एक संतुलित, व्यापक और पारस्परिक रूप से लाभकारी मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को शीघ्र संपन्न करने की दिशा में काम करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।

