नयी दिल्ली, 20 मार्च (वार्ता) आयुष मंत्रालय ने शुक्रवार को हवाई यात्रा के दौरान यात्रियों को फिट रहने के लिये पांच मिनट का खास योग जारी किया है। ताकि यात्रियों को लंबी दूरी उड़ानों के दौरान होने वाली थकान, तनाव और शारीरिक अकड़न से राहत मिल सके। इस पहल की शुरुआत केंद्रीय आयुष मंत्री प्रताराव जाधव ने ने योग महोत्सव के दौरान की।
आयुष मंत्रालय के अनुसार, यह योग प्रोटोकॉल मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान द्वारा तैयार किया गया है और इसे खासतौर पर हवाई यात्रा के दौरान सीमित स्थान में बैठे यात्रियों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। इस रूटीन को बिना किसी उपकरण के, सीट पर बैठे-बैठे आसानी से किया जा सकता है।
इस संबंध में श्री जाधव ने कहा कि योग निवारक स्वास्थ्य और समग्र कल्याण का एक प्रभावी साधन है। उन्होंने बताया कि यह पहल इस दिशा में एक प्रयास है, जिससे लोग यात्रा के दौरान भी सक्रिय, तनावमुक्त और संतुलित रह सकें।
आयुष मंत्रालय के मुताबिक, लंबी हवाई यात्राओं में लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठे रहने से मांसपेशियों में जकड़न, रक्त संचार में कमी, थकान और जेट लैग जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कुछ मामलों में यह डीप वेन थ्रोम्बोसिस (डीवीटी) जैसी गंभीर स्थिति का कारण भी बन सकता है। ऐसे में यह छोटा योग रूटीन इन समस्याओं से बचाव में मददगार साबित हो सकता है।
इस 5 मिनट के प्रोटोकॉल में एकाग्रता, हल्की शारीरिक गतिविधियां, सरल योग आसन, प्राणायाम और ध्यान शामिल हैं। ये अभ्यास शरीर में रक्त प्रवाह को बेहतर बनाते हैं, तनाव कम करते हैं और मानसिक शांति प्रदान करते हैं।
आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने कहा कि रोजमर्रा की जिंदगी में योग को शामिल करने से स्वास्थ्य में सुधार होता है और यह निवारक स्वास्थ्य देखभाल को आसान बनाता है।
मंत्रालय के अनुसार यह पहल लोगों को यह संदेश देती है कि स्वस्थ रहने के लिए अतिरिक्त समय या विशेष स्थान की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि थोड़े से प्रयास और जागरूकता से कहीं भी योग को अपनाया जा सकता है।
यह पहल हवाई यात्रा के दौरान स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को सरल उपायों के जरिए फिट रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
