नयी दिल्ली, 25 सितंबर (वार्ता) रेलवे ने गुजरात के भुज और बिहार के बरौनी से नयी अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलेगी और गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के महत्वपूर्ण स्थलों को जोड़ते हुए 2,532 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
रेलवे ने शुक्रवार को बताया कि भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस (19427) भुज से 17:30 बजे प्रस्थान करेगी और 04:05 बजे बरौनी पहुंचेगी। वहीं, वापसी में बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस (19428) बरौनी से 23:55 बजे प्रस्थान करेगी और 13:15 बजे भुज पहुंचेगी।
भुज-बरौनी ट्रेन सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी, जबकि बरौनी-भुज ट्रेन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी। यह ट्रेन समाखियाली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा, गोरखपुर, सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर स्टेशन पर रुकेगी।

