जबलपुर: पश्चिम बंगाल में लगातार सामने आ रही राजनीतिक हिंसा की घटनाओं को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। जबलपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने राज्य में हो रही हिंसा को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पश्चिम बंगाल सरकार और तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल में लोकतंत्र और कानून व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाया जा रहा है। गुरूवार को शहर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान जुएल आरोम ने ये भी कहा कि पश्चिम बंगाल में हाल के दिनों में जिस प्रकार हिंसा, हत्याएं और राजनीतिक टकराव की घटनाएं बढ़ी हैं, वह बेहद चिंताजनक हैं और वे इसकी कड़ी निंदा करते हैं। लिहाजा केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने भरोसा दिलाया है कि हालिया हत्याकांड और हिंसक घटनाओं की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
ममता बैनर्जी पर सीधा हमला
ममता बैनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए जुएल ओराम ने कहा कि पश्चिम बंगाल में हिंसा की राजनीति कोई नई बात नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लंबे समय से राजनीतिक हिंसा को बढ़ावा दिया गया है और आज भी वही स्थिति बनी हुई है। ओराम ने कहा कि बीजेपी की चुनावी सफलता और बढ़ते जनाधार से तृणमूल कांग्रेस घबराई हुई है। इसी वजह से टीएमसी समर्थकों द्वारा हिंसा और डर का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की जा रही है।
