
दतिया। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने 9 एवं 10 नवंबर को अवकाश पर प्रतिबंध लगाते हुए कहा है कि विशेष परिस्थितियों में सक्षम अधिकारी की अनुमति से ही अवकाश मिल सकेगा।दीपावली दूज के अवसर पर 9 से 11 नवंबर तक आयोजित होने वाले प्रसिद्ध मां रतनगढ़ माता मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
कलेक्टर वानखड़े ने मेले के सफल एवं सुचारु आयोजन तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से जिले के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश पर 9 नवंबर से 10 नवंबर तक पूर्णतः प्रतिबंध लगाया है।
जारी आदेश के अनुसार, अपरिहार्य परिस्थितियों, अति आवश्यक कार्य अथवा चिकित्सकीय आपात स्थिति में ही अवकाश की अनुमति दी जा सकेगी। इसके लिए संबंधित अधिकारी अथवा कर्मचारी को सक्षम प्राधिकारी से पूर्वानुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
कलेक्टर ने जारी आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मेले के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
