भोपाल: राजधानी भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों की संख्या 18 से घटकर 13 रह गई है। गोवा, जयपुर और नवी मुंबई के लिए सीधी उड़ानें फिलहाल बंद हैं, जबकि दिल्ली, हैदराबाद और बेंगलुरु के लिए भी फ्लाइट्स की संख्या कम हुई है। इससे भोपाल की हवाई कनेक्टिविटी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।भोपाल एयरपोर्ट डायरेक्टर आलोक त्रिपाठी ने बातचीत में बताया कि यात्रियों को फिलहाल किसी तरह की बड़ी परेशानी नहीं हो रही है।
उनके अनुसार गोवा की फ्लाइट सीजनल है और मानसून के दौरान यात्रियों की संख्या कम होने की वजह से कुछ उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ है। वहीं, भोपाल से नवी मुंबई की सीधी उड़ान इंडिगो ने कम यात्रियों के कारण बंद की है, जो एयरलाइन का व्यावसायिक निर्णय है।एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि दो नई उड़ानें शुरू करने की तैयारी की जा रही है, जिससे भोपाल की हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
वहीं, जिन यात्रियों से बातचीत की गई, उनका कहना है कि फिलहाल सफर आरामदायक है और उन्हें किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। हालांकि, यात्रियों को उम्मीद है कि नई उड़ानें शुरू होने से यात्रा के विकल्प और बढ़ेंगे तथा राजधानी की एयर कनेक्टिविटी पहले से अधिक मजबूत होगी।
