ग्वालियर: 7 वर्षों से फरार 10 हजार रुपये के इनामी स्थाई वारंटी को ग्वालियर पुलिस ने मथुरा से गिरफ्तार किया है। एसएसपी ग्वालियर के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने वृंदावन क्षेत्र से उसकी गिरफ्तारी की।विशेष न्यायाधीश पॉक्सो अधिनियम एवं एकादश अपर सत्र न्यायाधीश, ग्वालियर द्वारा आरोपी संजू उर्फ राहुल दुबे पुत्र शिवराम दुबे निवासी मुडियन का कुआँ, जिला दतिया के विरुद्ध स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
आरोपी की गिरफ्तारी करने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा अति. पुलिस अधीक्षक (पूर्व) डॉ. शिवेश सिंह बघेल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था तथा आरोपी पर 10,000 का इनाम भी घोषित किया गया था। लगातार की जा रही तलाश एवं तकनीकी विश्लेषण के दौरान पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि फरार आरोपी मथुरा क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही विशेष पुलिस टीम को तत्काल मथुरा रवाना किया गया। टीम ने स्थानीय स्तर पर विभिन्न स्थानों पर लगातार तलाश एवं निगरानी कर आरोपी को वृंदावन स्थित अटल्ला चौकी के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
