मुरैना: चंबल नदी के उसैद-पिनाहट घाट पर बिना अनुमति संचालित हो रहे स्टीमर पर महुआ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसका संचालन रुकवा दिया। मामले की जांच के बाद महुआ थाने में संबंधित लोगों के खिलाफ प्रकरण भी दर्ज किया गया है।महुआ थाना प्रभारी उमेश पाराशर ने बताया कि बिना आवश्यक अनुमति स्टीमर संचालन की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सुरक्षा की दृष्टि से संचालन बंद कराया गया। मामले की जांच के उपरांत नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
स्टीमर सेवा अचानक बंद होने से घाट के दोनों ओर यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। बड़ी संख्या में यात्री नदी पार करने के लिए पहुंचे, लेकिन संचालन बंद होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।इस कार्रवाई के बाद बिना अनुमति स्टीमर संचालन को लेकर जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि संचालन के अनुमति अनिवार्य थी तो इसकी निगरानी पहले क्यों नहीं की गई। अब मामले में दर्ज प्रकरण के बाद संबंधित जिम्मेदारों पर आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।
