जबलपुर: नवरात्र पर्व सोमवार से शुरू हो रहा है और नेताजी सुभाषचंद्र बोस केंद्रीय जेल में आदिशक्ति जगदंबे के पूर्जन-अर्चन की तैयारियां शुरू कर दीं गईं हैं। सोमवार को केंद्रीय जेल में मां दुर्गा की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी जिनकी सुबह शाम प्रतिदिन विधिवत पूजा की जाएगी। जेल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार जेल में सजा काट रहे करीब 650 कैदी नवरात्र में पूरे 9 दिन उपवास रख रहे हैं। जिनके फलाहार की व्यवस्था की जेल प्रशासन द्वारा की ली गई है। इन कैदियों में महिला व पुरूष दोनों शामिल हैं। जानकारी के अनुसार उपवास रखने वाले बंदियों को फलाहार में जेल प्रशासन द्वारा साबूदाना की खिचड़ी, साबूदाना की खीर, सिंघाड़े के बड़े देने की तैयारियां की जा चुकीं हैं।
अब बंदी मां दुर्गा प्रतिमा की पूजा अर्चन कर अपनी की हुई गलतियों की क्षमा मांगेंगे और मां की भक्ति में नवरात्र के 9 दिन लीन होंगे। जिससे जेल के अंदर का माहौल पूरा धर्ममय हो जाएगा। बताया जा रहा है कि जेल के अंदर आर्केस्ट्रा के जरिए देवी गीतों की भी प्रस्तुतियां दीं जाएंगीं। गौरतलब है कि हर साल नवरात्र के समय पर कैदियों द्वारा उपवास रख मां दुर्गा का पूजन-अर्चन किया जाता रहा है।
इनका कहना है
नवरात्र के पहले दिन मां दुर्गा की प्रतिमा जेल के अंदर विधिवत पूजन अर्चन के बाद स्थापित की जाएगी। इस वर्ष नवरात्र में कुल 650 कैदी उपवास रखकर मां दुर्गा की आराधना में लीन होंगे। कैदियों के फलाहार की समुचित व्यवस्था कर ली गई है।
मदन कमलेश, उप जेल अधीक्षक, केंद्रीय जेल जबलपुर
